मौसम: पिछले दो दिनों से केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी
रुद्रप्रयाग। मौसम के फिर करवट बदलने के बाद हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। पिछले दो दिन से केदारनाथ, तुंगनाथ, मद्महेश्वर धाम सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी लगातार हो रही है। मिनी स्विट्जरलैंड चोपता में बर्फबारी होने से देश-विदेश से पर्यटक बर्फबारी का आनंद उठाने को भी पहुंच रहे हैं। बर्फबारी का आनंद लेने आ रहे पर्यटक बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद भी ले रहे हैं। इससे शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा मिल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में दो दिन से मौसम खराब है, जिसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तो निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है। केदारनाथ धाम में बर्फबारी से ठंड का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है। यहां आईटीबीपी के साथ पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं। जवानों को भारी ठंड में पानी की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। यहां तीन से चार इंच तक बर्फ जम चुकी है। केदारनाथ धाम के अलावा मद्महेश्वर व तुंगनाथ धाम में भी बर्फबारी हो रही है। तुंगनाथ धाम में बर्फबारी का आनंद लेने को पर्यटक पहुंच रहे हैं। मिनी स्विट्जरलैंड चोपता से मात्र तीन किमी की दूरी पर तुंगनाथ धाम मंदिर है। यहां भी शीतकाल के दौरान कपाट बंद रहते हैं, लेकिन भक्त चोपता की वादियों में बर्फबारी का आनंद लेने के साथ ही मंदिर परिसर के बाहर से ही बाबा तुंगनाथ के दर्शन करते हैं। इसके अलावा बाबा केदार की शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में भी पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। पर्यटकों के आने से शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा मिल रहा है।

