मुश्किल: चीरबासा हैलीपैड के पास पहाड़ी से मलबा गिरने पर केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध, रोकी गई यात्रियों की आवाजाही
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के पैदल मार्ग पर चीरबासा हैलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सेक्टर अधिकारी गौरीकुण्ड ने दूरभाष के माध्यम से जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गौरीकुण्ड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल यात्रियों की आवाजाही तत्काल रोक दी गई।
प्रशासन ने एहतियातन यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है। मार्ग पर स्थिति सामान्य होने तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। अचानक मलबा और पत्थर गिरने की घटना को देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है।
मार्ग को शीघ्र सुचारू करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम मौके पर पहुंचकर मलबा और पत्थर हटाने के कार्य में जुटी है। वहीं, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से मार्ग की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों और राहत-बचाव टीमों के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, पैदल मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और आवागमन योग्य पाए जाने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा। मार्ग सुचारू होने तथा यात्रियों की आवाजाही पुनः प्रारंभ किए जाने की सूचना अलग से जारी की जाएगी।

