मुनादी: दुष्कर्म के आरोपी भाजपा नेता के घर ढोल बजाते हुए पहुंची पुलिस

मुनादी: दुष्कर्म के आरोपी भाजपा नेता के घर ढोल बजाते हुए पहुंची पुलिस
Spread the love

फरार आरोपी मुकेश बोरा के घर के बाहर पुलिस ने की मुनादी

हल्द्वानी। भाजपा नेता और दुग्ध संघ के अध्यक्ष रहे मुकेश बोरा पर एक महिला ने दुष्कर्म और बेटी से छेड़छाड़ के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने धारा 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत बोरा पर मुकदमा दर्ज किया था। वहीं अब मुकेश बोरा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। पॉक्सो कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद से आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने फरार चल रहे बोरा पर शिकंजा कसने के लिए आज उसके घर के बाहर ढोल बजाते हुए मुनादी की। पुलिस अब बोरा की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में है। इसके लिए कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने धारा 82 के तहत की नोटिस की अनुमति मांगी है।

विदित हो कि एक सितंबर को लालकुआं थाने में एक महिला ने मुकेश बोरा के खिलाफ दुष्कर्म संबंधी शिकायत की थी। पुलिस ने मामले में बोरा और उसके चालक कमल बेलवाल पर केस दर्ज कर लिया था। इसके दो दिन बाद ही पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता की बेटी के बयान के आधार पर बोरा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी थी। पॉक्सो की धारा बढ़ाने के हफ्तेभर बाद भी पुलिस मुकेश बोरा और उसके चालक को पकड़ नहीं सकी है। बोरा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने दो टीमें गठित कर कई जगह छापेमारी की और कई लोगों को पूछताछ के लिए भी हिरासत में लिया है लेकिन आरोपी बोरा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

 

Parvatanchal