मातम: परिवार की शादी में शामिल होने जा रही ताई और भतीजे की सड़क दुर्घटना में मौत
पिथौरागढ़। हल्द्वानी से मुनस्यारी के गिरगांव जा रही कार सेराघाट के रामपुर के पास खाई में गिर गई। हादसे में ताई और भतीजे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी शादी में शामिल होने के लिए हल्द्वानी से अपने गांव गिरगांव जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जनपद के मुनस्यारी के गिरगांव में 30 नवंबर को विजय सिंह के बेटे महेश की बारात बागेश्वर के गोगिना गांव जानी थी। चचेरे भाई के बेटे की बारात में शामिल होने के लिए पूर्व सैनिक पूरन सिंह अपनी मां तुलसी देवी, चचेरे भाई गंगा सिंह और हल्द्वानी निवासी गोपाल सिंह के साथ कार से गांव आ रहे थे। गांव में भी अपने परिवार के सदस्यों के आने का बेसब्री से इंतजार हो रहा था लेकिन सेराघाट में रामपुर के पास कार खाई में गिर जाने से तुलसी देवी और गंगा सिंह की मौत और पूरन सिंह व गोपाल सिंह के घायल हो जाने से सारी खुशियां गम में बदल गईं। बेरीनाग थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को खाई से बाहर निकालकर एक घायल को सेराघाट और दूसरे को बेरीनाग अस्पताल पहुंचाया। कार दुर्घटना में दो लोगों की मौत से गिरगांव में चल रही शादी की तैयारियों की खुशियां मातम में बदल गईं। जैसे ही ग्रामीणों को तुलसी देवी और गंगा सिंह की मौत की सूचना मिली माहौल गमगीन हो गया।

