भंडाफोड़: फर्जी कॉल सेन्टर से विदेशी नागरिकों को ठगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

भंडाफोड़: फर्जी कॉल सेन्टर से विदेशी नागरिकों को ठगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। फर्जी कॉल सेन्टर संचालित कर विदेशी नागरिकों को ठगने वाले दो लोगों को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर उनसे ठगी के उपकरण बरामद कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आज यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा इस मामले में जानकारी देते हुए बताया गया कि पकड़े गए आरोपियों द्वारा स्वंय को माइक्रोसाँफ्ट एवं एप्पल जैसे प्रतिष्ठित कम्पनियों का अधिकारी बताकर कर यूएसए तथा कनाडा के वरिष्ठ नागरिकों के सिस्टम में पॉप अप मैसेज भेजकर पोर्न हर्ब आदि वैबसाइट होने की बात कही जाती थी। उनके द्वारा चाइल्ड पोनोग्राफी देखे जाने तथा उनके बैंक खातों में गड़बड़ी सम्बन्धी बातें कहकर बरगलाया जाता था, फिर उनके सिस्टम के करप्ट होने का झांसा देकर मदद के नाम पर धोखाधड़ी से धनराशि प्राप्त की जाती थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने ये भी बताया कि गोपनीय माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि सहस्त्रधारा राजपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत माउण्ट व्यू काॅलोनी स्थित ब्ल्यूबैल्स स्कूल के निकट एक निजी प्लैट में कुछ युवकों द्वारा अवैध रुप से काॅल सेन्टर चलाकर यूएसए व कनाडा के नगारिकों को भ्रमित कर तथा पाॅप-अप मैसेज के माध्यम से उनके द्वारा पोर्न वीडियो देखे जाने व उनके बैंक खातो में धोखाधड़ी की बात कहते हुये उनको डराकर धनराशि प्राप्त कर अवैध वसूली का कार्य किया जा रहा है। जिस पर एसएसपी एसटीएफ के निकट निर्देशन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। उक्त पुलिस टीम द्वारा छह अगस्त को सहस्त्रधारा रोड स्थित उक्त फ्लैट पर छापामारी की गयी तो आरोपी मौके से फरार हो गये। आरोपियों की जनपद स्तर पर तलाश हेतु गहन चैकिंग अभियान चलाया गया जिस पर आरोपियों के शहर देहरादून से बाहर भागने की सूचना पर 02 आरोपियों को चौकी जोगीवाला बैरियर पर रोक लिया गया। मौके पर तुरन्त साइबर टीम द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ की गयी तो मौके पर मौजूद गौतम व तनिष्क द्वारा बताया गया कि वह लोग अपने अन्य 03 साथियों के साथ मिलकर काफी समय से दून में ही काॅल सेन्टर संचालित कर रहे हैं। वे लोग विदेशी काॅल को एक्स-लाइट डायलर के माध्यम से विदेशी काॅलर को भ्रमित व डराते हैं। इस क्रम में यूएसए व कनाडा के नागरिकों को फर्जी पीओपीयूपी डलवाकर स्वयं को माइक्रोसाॅफ्ट एवं एप्पल कम्पनी से बताकर उनको डराते हैं कि आपके द्वारा अपने सिस्टम में पोर्न साइट देखी गयी है जिस पर आपके विरुद्व कार्यवाही की जायेगी। उक्त कार्यवाही से बचने हेतु उनसे धोखाधड़ी से धनराशि प्राप्त की जाती है। अपराध करने वाले व्यक्तियों द्वारा काॅल सेन्टर का संचालन कर दिल्ली व हरियाणा में बैठे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी के अपराध को अंजाम दिया जा रहा था। मौके से पुलिस टीम को 03 लैपटॉप, 02 मोबाइल फोन, 02 वाई-फाई राऊटर व अन्य उपकरण बरामद हुए। उक्त आरोपियों से बरामद काॅल सेन्टर चलाने वाले संसाधनों को तकनीकि रूप से चैक किया गया तो उक्त संसाधनों में काफी मात्रा में काॅल सेन्टर संचालन व विदेशी नागरिकों से धोखाधड़ी करने सम्बन्धी साक्ष्य प्राप्त होने पर आरोपियों के विरुद्व थाना साइबर क्राईम पर अभियोग पंजीकृत किया गया तथा मौके पर जिन दो आरोपियों की मौजूदगी थी, उनके विरुद्व विवेचना में वैधानिक कार्यवाही की गयी है। अन्य आरोपी जो फरार हैं, उनके सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की जा रही है। एसटीएफ ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Parvatanchal