ब्रेकिंग न्यूज: गौरीकुंड में एक बार फिर हुआ भूस्खलन, दो बच्चों की मौत, एक की हालत गंभीर
रुद्रप्रयाग। गौरीकुंड में बुधवार सुबह हुए भूस्खलन की चपेट में आकर तीन बच्चे मलबे में दब गये, जिनमें से दो की मौत हो गयी, जबकि एक की हालत गम्भीर बनी हुई है।
गौरतलब है कि गौरीकुंड में बीते बृहस्पतिवार की रात को भी लगभग 11.30 बजे भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुआ था। उसकी चपेट में आकर कई लोग दब गये थे या मंदाकनी नदी में समा गये थे, जिनमें से तीन लोगों के शव अब तक बरामद किये जा सके हैं। वहीं बाकी की तलाश अब तक जारी है। अभी लोग इस भयावह हादसे को भूले भी नहीं थे कि आज सुबह लगभग पांच बजे एक बार फिर गौरी गांव में भारी भूस्खलन हो गया, जिसकी चपेट में आकर नेपाली मूल के तीन बच्चे मलबे में दब गये। घटना का पता चलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चों को मलबे से निकाला गया। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि इन बच्चों को गौरीकुंड हॉस्पिटल में उपचार के लिए पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। एक बच्चे का उपचार चल रहा है, जिसकी हालत गम्भीर बतायी जा रही है।

