बड़ी खबर: अकेले रह रहे बजुर्ग को घर में घुसकर खा गया गुलदार, ग्रामीणों को दो दिन बाद हुई ख़बर
अल्मोड़ा। जिले के सल्ट क्षेत्र के मौलेखाल स्थित पोखरी गांव में तेंदुए ने घर में घुसकर 60 साल के बुजुर्ग को अपना निवाला बना लिया। बुजुर्ग घर में अकेले ही रहता था, जिस कारण किसी को बुजुर्ग की मौत की खबर भी नहीं लगी। बुजुर्ग की क्षत विक्षत लाश दो दिनों तक घर में ही पड़ी रही, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लग पायी।
जानकारी के मुताबिक, पोखरी गांव में 60 साल के गोपाल सिंह पुत्र राजे सिंह घर में अकेले रहते थे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने गोपाल सिंह को दो दिन से नहीं देखा था। इसीलिए रविवार सुबह को गांव के ही श्याम सिंह, गोपाल सिंह का हालचाल लेने उनके घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। क्योंकि घर में गोपाल सिंह की क्षतविक्षत लाश पड़ी थी। उन्होंने बताया कि गोपाल सिंह के दो बच्चे हैं, जो बाहर नौकरी करते हैं, जबकि उनकी बेटी की पास के ही गांव में शादी हुई है।
ग्रामीणों ने तत्काल मामले की जानकारी वन विभाग को दी। इसके बाद वन विभाग की फॉरेन्सिक टीम को मौके पर जांच के लिए बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। रेंज अधिकारी जौरासी रेंज उमेश चंद्र का कहना है कि तेंदुए की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए उच्च अधिकारियों की अनुमति के बाद पिंजरे लगाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में गस्त भी बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

