बड़ी कामयाबी: पुलिस ने किया नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार,एक फरार

बड़ी कामयाबी: पुलिस ने किया नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार,एक फरार
Spread the love

 

25 पेटी नकली शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद

उधमसिंहनगर। रिहायशी इलाके के एक मकान में चल रही नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एसटीएफ द्वारा आबकारी विभाग व थाना आईटीआई पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से संयुक्त टीम ने 25 पेटी नकली शराब व शराब बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। हालांकि छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार होने में सफल रहा जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है। आरोपी तैयार की गयी नकली शराब को जनपद नैनीताल, अल्मोड़ा और ऊधमसिंहनगर के क्षेत्रों में सप्लाई किया करते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि एसटीएफ टीम द्वारा बीती रात थाना आईटीआई, जनपद ऊधमसिंहनगर क्षेत्र के एक मकान में छापा मारकर, अन्दर संचालित हो रही नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी अमनदीप सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में नकली शराब व नकली शराब बनाने का रॉ मटेरियल व उपकरण बरामद किये गये हैं। उन्होंने बताया कि उनकी टीम को पिछले काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि काशीपुर क्षेत्र में कहीं किसी मकान में नकली शराब बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही है। इस पर एसटीएफ की टीम लगातार कार्य कर रही थी। बीती रात टीम को एक सूचना के जरिये उक्त मकान का पता लग गया, जिस पर टीम द्वारा तुरन्त आबकारी विभाग व थाना आईटीआई की टीम को साथ लेकर कार्यवाही करते हुए उक्त मकान को घेरकर रेड की गयी तो मकान के अन्दर नकली शराब बनायी जा रही थी। टीम को देखकर एक व्यक्ति तुरन्त अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मकान के अन्दर से भारी मात्रा में गुलाब मार्का की तैयार नकली शराब व कैमिकल ,कच्चा माल व नकली शराब बनाने के उपकरण बरामद किये गये। इसके साथ ही उत्तराखंड सरकार के कूटरचित हजारों की संख्या में होलोग्राम भी बरामद हुए हैं। दोनों युवकों द्वारा किराये पर मकान लेकर पिछले 1 महीने से उसमें नकली शराब की फैक्ट्री चलायी जा रही थी, जो कि एक रिहायशी इलाका था और आस-पास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं थी। तैयार शराब को उत्तराखंड के कई जनपदों में सप्लाई किया जा रहा था। नकली शराब को बनाने के लिए रॉ मटेरियल व उपकरण उ.प्र. से जिस व्यक्ति द्वारा सप्लाई कराये जा रहे थे उसका भी ठोस सुराग एसटीएफ को मिला है। उस पर आगे कार्यवाही की जायेगी। फिलहाल टीम द्वारा थाना आईटीआई काशीपुर में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है, जिस पर अग्रिम कार्यवाही जारी है।

Parvatanchal