प्रतिक्रिया: राजनैतिक छवि धूमिल करने का किया जा रहा प्रयास, विधायक सुरेश गड़िया का आरोप

प्रतिक्रिया: राजनैतिक छवि धूमिल करने का किया जा रहा प्रयास, विधायक सुरेश गड़िया का आरोप
Spread the love

बागेश्वर(आरएनएस)।   कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने सोशल मीडिया पर वायरल कथित वीडियो और पोस्ट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उनके और एक महिला को जोड़कर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस अधीक्षक और कपकोट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए। गढ़िया ने कहा कि वायरल पोस्ट पर कई लोगों ने भी अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। इन टिप्पणियों के संबंध में भी उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वह अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन को बाध्य होंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में भी सोशल मीडिया पर उनके साथ एक महिला की फोटो जोड़कर वायरल की गई थी। उस समय भी उन्होंने पुलिस महानिदेशक से शिकायत की थी। विधायक ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Parvatanchal