देर रात बंजारावाला में पार्किंग को लेकर दो पक्षों में मारपीट,पुलिस मामले की जांच में जुटी
देहरादून। गुरुवार देर रात कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के बंजारावाला में पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मामला बढ़ते देख तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद बमुश्किल मामला शांत करवाया गया। साथ ही घटना के संबंध मे दोनों पक्षों ने कोतवाली पटेलनगर पर तहरीर दी गयी। जिस पर मुकदमा दर्ज किये गए हैं। घटना के सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार एक मई को देर रात कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंर्तगत मोनाल एंक्लेव बंजारा वाला में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली। जिसके बाद कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि अनीश अली निवासी भोगपुर, भारूवाला ग्रांट में अपने परिजनों के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहा था। जिसकी गाड़ी मोनाल एनक्लेव में एक दुकान के बाहर खराब हो गई। जिससे वहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस बात को लेकर मोनाल एन्क्लेव में रहने वाले एक व्यक्ति संजय रावत व अनीश अली के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। जिसमें दोनों पक्षों के लोगो को चोटें आई। कुछ गी देर में तीन थाने कोतवाली पटेल नगर ,नेहरू कॉलोनी ओर क्लेमनटाउन मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे। सभी ने किसी तरह मामले को शांत करवाया।
दो पक्षों में हुई इस मारपीट में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मौके पर स्थिति अब नियंत्रण में है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया घटना के संबंध मे दोनों पक्षों ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी है। जिस पर मुकदमा पंजीकृत किये गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को कब्जे में लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद एक्शन लिया जाएगा।

