दुस्साहस: बदमाशों ने घर में घुसकर लूटे 50 तोला सोना और 50 हजार रुपये, शिनाख्त में जुटी पुलिस
रुद्रपुर। नानकमत्ता में शनिवार को हुई लूट में पीड़ित शाहीन जमाल ने कहा कि बदमाश करीब 50 तोला सोना और 50 हजार की नगदी लूट ले गए हैं। पुलिस की चार टीमें लूट में शामिल बदमाशों की शिनाख्त करने में जुटी हैं। शनिवार देर रात एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने सीओ खटीमा विमल रावत के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। रविवार को सीओ रावत व एसओ उमेश कुमार के साथ पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रहीं। नगर के वार्ड तीन में बालाजी मंदिर के निकट स्वास्थ्य विभाग में सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त रईस अहमद व एएनएम पद से सेवानिवृत्त शाहीन जमाल रहते हैं। शनिवार शाम रईस अहमद साइकिल से बाजार गए। उनके बाजार जाने के कुछ देर बाद तीन बदमाश उनके घर में घुस आए। उनकी पत्नी शाहीन को बंधक बना लिया। शाहीन के अनुसार, बदमाश घर की आलमारी से 50 तोले सोने के जेवर, 50 हजार की नकदी लूटकर फरार हो गए। सीओ विमल रावत नानकमत्ता में डेरा डाले हुए हैं। एसओ उमेश कुमार ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर चार टीमों का गठन किया गया है। एसओजी भी जांच में जुटी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की शिनाख्त करने में जुटी है। बदमाश पैदल पहुंचे थे। लूट के बाद पैदल ही वापस लौटे हैं। पुलिस उस वाहन को ट्रेस करने में जुटी है, जिससे बदमाश आए थे। पुलिस को अंदेशा है कि बदमाश कई दिनों से रेकी कर रहे होंगे, एसओ ने बताया कि पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है।

