दुष्परिणाम: पुताई का काम बीच में छोड़कर साथी के साथ गायब हो गया पेंटर, खोजबीन हुई तो नदी में मिली लाश
रुद्रपुर। कोतवाली बाजपुर क्षेत्र से लापता श्रमिक का शव दोराहा चौकी के गंदा नदी में मिला। मृतक अपने साथी के साथ सोमवार दोपहर बाद से लापता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के मुताबिक, मुडिया कलां निवासी 25 वर्षीय श्याम सुंदर पुत्र स्व राजेंद्र, अपने साथी चकरपुर निवासी रवि कुमार के साथ एक टीचर के यहां निर्माणाधीन भवन में पेंटर का काम कर रहा था। सोमवार दोपहर को भवन स्वामी मौके पर पहुंचा तो दोनों वहां से गायब थे। भवन स्वामी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि दोनों की तलाश की गई तो रवि नशे की हालत में वहां पहुंचा। उससे पूछताछ की गयी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली दोराहा के पास गंदा नदी में एक युवक पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। सीओ ने संभावना जताई कि दोनों नशे के आदी हैं और दोनों नदी की तरफ गये होंगे, तभी उसमें गिर गये। एक निकल आया,दूसरा वहीं पर पड़ा रहा। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पोस्टमार्टम से ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। पुलिस मृतक के साथी से पूछताछ कर रही है।

