दुखद: चाइनीज मांझे ने छीन ली एक और जिंदगी, पतंग की डोर में उलझकर जेई की मौत

दुखद: चाइनीज मांझे ने छीन ली एक और जिंदगी, पतंग की डोर में उलझकर जेई की मौत
Spread the love

 

हरिद्वार। ऋषिकेश एम्स से अपनी पत्नी का उपचार करवा कर लौट रहे रेलवे में तैनात जेई चाइनीज मांझे में उलझकर गंभीर घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बहादराबाद के बेगमपुर निवासी जेई 58 वर्षीय सुलेखचंद सोमवार दोपहर अपनी पत्नी को ऋषिकेश के एम्स अस्पताल से दिखाकर बाइक से वापस लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिकगुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के गेट के निकट चाइनीज मांझे में उलझकर दंपति सड़क पर गिर गया। इससे सुलेखचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुलेखचंद की पत्नी अरुणा देवी का उपचार चल रहा था। अरुणा देवी के हाथ में चोट लगी है। अरुणा देवी ने बताया कि उनके पति रेलवे में जेई के पद पर पंजाब में तैनात थे।
दूसरी घटना में वसंत पंचमी पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आकर ऋषिकुल कालोनी निवासी सुंदर कुमार गंभीर घायल हो गए। जिला अस्पताल में उन्हें आठ टांके लगे। जिला प्रशासन और पुलिस नेवसंत पचंमी से पहले ही चाइनीज मांझा बेचने वालों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। काफी मात्रा में जब्त चाइनीज मांझे को जलाकर खत्म भी किया गया लेकिन इसके बाद भी हरिद्वार में चाइनीज मांझे से पतंगबाजी होती दिखी। इसका परिणाम यह रहा कि काफी लोग इस चाइनीज मांझे की चपेट में आकर घायल हुए।

Parvatanchal