दुखद: चक्कर आने से भागीरथी नदी में गिरकर लहरों में समा गया राजस्थान का तीर्थयात्री रामदयाल

दुखद: चक्कर आने से भागीरथी नदी में गिरकर लहरों में समा गया राजस्थान का तीर्थयात्री रामदयाल
Spread the love

 

देवप्रयाग।  राजस्थान के जैसलमेर से अपने पांच दोस्तों के साथ बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आया एक युवक भागीरथी नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में लापता युवक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, जैसलमेर के गांव भिखडाई जूनी, तहसील फलसुंड निवासी रामदयाल 23 वर्ष पुत्र लछमाराम अपने दोस्तों के साथ बदरीनाथ जा रहा था। देवप्रयाग पहुंचने पर सभी दोस्त संगम पहुचकर भागीरथी नदी के तट पर स्थित श्मशान घाट के पास रुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों और साथी भवानी ने बताया कि रामदयाल घाट पर खड़ा था तभी अचानक उसे चक्कर आ गया और वह अनियंत्रित होकर सीधे उफनती नदी में जा गिरा। नदी के तेज वेग के बीच वह तैरकर बाहर निकलने की कोशिश करता रहा। वह संगम स्थल तक बहते हुए गया और खुद को बचाने के लिए हाथ ऊपर उठाकर मदद की गुहार लगाता रहा लेकिन देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में लापता हो गया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने संगम स्थल पर सुरक्षा के इंतजाम न होने पर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। यात्रियों ने मांग की है कि संगम स्थल पर लाइफ जैकेट और सुरक्षा उपकरणों के साथ जवानों की तैनाती की जानी चाहिए।

Parvatanchal