दिक्कत: एलपीजी ऑटो में सीएनजी किट लगाने पर पेंच, वाहन स्वामी परेशान
देहरादून। तकनीकी पेंच के चलते परिवहन विभाग एलपीजी ऑटो में सीएनजी किट लगाने की अनुमति नहीं दे रहा है। लेकिन यदि ऑटो संचालक एलपीजी के परमिट पर नये सीएनजी ऑटो के लिए आवेदन करते हैं तो इसका प्रस्ताव आरटीए में रखकर प्राथमिकता के आधार पर सीएनजी ऑटो के परमिट दे सकता है। देहरादून में करीब सात सौ ऑटो हैं, जो एलपीजी से चलते हैं। लेकिन एलपीजी की अपेक्षा सीएनजी की डिमांड बढ़ने पर अब पंप संचालक एलपीजी नहीं मंगवा रहे हैं। पंपों पर दो महीने से एलपीजी नहीं मिल पा रही है, जिस कारण ऑटो संचालक परेशान हैं। ऑटो संचालकों की मजबूरी का फायदा उठाने के लिए कई लोग शहर में एलपीजी रिफलिंग का अवैध कारोबार कर रहे हैं, जो कभी भी खतरनाक साबित हो सकता है। ऑटो संचालकों से मनमानी दाम लेकर एलपीजी भर रहे हैं। परेशान ऑटो संचालक परिवहन विभाग से एलपीजी ऑटो में सीएनजी किट लगाने की अनुमति मांग कर रहे हैं, लेकिन इसमें तकनीकी पेंच फंस रहा है। आरटीओ (प्रशासन) सुनील शर्मा ने बताया कि एआरआई से ऑटो एलपीजी में पास है, ऐसे में इसकी फ्यूल श्रेणी बदलना संभव नहीं है, फिर भी सीएनजी किट लगाने के लिए मुख्यालय से मार्गदर्शन मांगा जाएगा, लेकिन यदि कोई एलपीजी ऑटो संचालक नया सीएनजी ऑटो लेना चाहता है, इसका प्रस्ताव आरटीई में रखा जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर परमिट दिए जाएंगे।

