दहशत: उत्तराखंड में लगे भूकंप के तेज झटके, सहमे लोग अपने घरों से निकले बाहर
उत्तरकाशी (आरएनएस)। उत्तराखंड में भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। उत्तरकाशी जिले में 4.2 तीव्रता के भूकंप ने लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। वहीं, टिहरी गढ़वाल के कुछ इलाकों में भी 2.0 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया। दोनों जिलों में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
उत्तरकाशी में भूकंप का झटका रात करीब 1:21 बजे महसूस किया गया। यमुना और गंगा घाटी समेत जिले के कई क्षेत्रों में धरती हिलने से लोग घबरा गए और आनन-फानन में घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने अपने परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को फोन कर भूकंप की जानकारी ली।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तरकाशी में आए भूकंप की तीव्रता 4.2 रही और इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में बड़कोट तहसील मुख्यालय के समीप राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है।
टिहरी में भी महसूस हुए झटके
टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में भी सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार इसकी तीव्रता 2.0 रही और इसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर थी। हालांकि यह झटका हल्का था और इससे किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली।
भूकंप के बाद दोनों जिलों में प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। फिलहाल कहीं से भी भवन क्षति या किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।

