दर्दनाक हादसा: सिलक्यारा टनल में पत्थर की चपेट में आकर मजदूर की मौत; कंपनी प्रबंधन पर सवाल

दर्दनाक हादसा: सिलक्यारा टनल में पत्थर की चपेट में आकर मजदूर की मौत; कंपनी प्रबंधन पर सवाल
Spread the love

उत्तरकाशी(आरएनएस)।   निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में बुधवार देर रात हुए एक हादसे में एक मजदूर की एक स्लैब गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद टनल में काम कर रहे श्रमिकों में आक्रोश है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए काम बंद कर दिया। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की मांग की। मृतक की पहचान झारखंड के बोकारो निवासी नरेश गंजू के रूप में हुई है। निर्माण कार्य के दौरान टनल के भीतर अचानक ऊपर से एक स्लैब गिर गया जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी श्रमिकों और अधिकारियों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद साथी श्रमिकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए काम बंद कर दिया। उनका कहना है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और टनल के भीतर सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। श्रमिकों का कहना है कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों की व्यापक समीक्षा आवश्यक है।
कंपनी प्रबंधन ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। उनके बड़कोट पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। नवयुगा कंपनी के महाप्रबंधक रविकांत सिंह ने कहा कि टनल में सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
इधर, डीएम प्रशांत आर्य के निर्देश पर एसडीएम बड़कोट बृजेश तिवारी ने सिल्क्यारा टनल घटना का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। एसडीएम ने मौके पर एनएचआईडीसीएल  के अधिकारियों, उपस्थित कार्मिकों एवं श्रमिकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस संबंध अन्य जानकारी जुटाई जा रही।

Parvatanchal