दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराने के बाद कार में लगी आग, तीन दोस्तों की मौत
सोनीपत। सोनीपत के नेशनल हाईवे 44 पर बीती देर रात को सेक्टर-7 के फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। वहीं, एक दोस्त गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज एक निजी हॉस्पिटल में चल रहा है।
सूचना के बाद बहालगढ़ थाना पुलिस मौके पे पहुंची और शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। फिलहाल बहालगढ़ थाना पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक सेक्टर सात में स्कॉर्पियो-एन गाड़ी में ट्रक से भिड़ंत के बाद आग लग गई और तीन युवकों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के बिनौली का रहने वाला विशाल अपने तीन दोस्तों के साथ अपनी गाड़ी में सवार होकर बीती देर रात मुरथल में परांठे खाने के लिए आया था।
इस दौरान जब वे वापस जा रहे थे तो नेशनल हाईवे 44 पर सेक्टर-7 के फ्लाईओवर पर गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि तुरंत बाद गाड़ी में भयानक आग लग गई। घटना के बाद मौके पर ही सचिन और प्रिंस की मौत हो गई, जबकि शेखर उर्फ आदित्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस प्रेस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि बीती देर रात नेशनल हाईवे 44 पर अनियंत्रित होकर एक गाड़ी ट्रक से टकरा गई। जिसके चलते तीन की मौके पर मौत हो गई।जबकि एक घायल हो गया।

