तैयारी: भाजपा ने विधानसभा उपचुनाव के लिए कसी कमर, पार्टी की बैठकों का दौर शुरू
देहरादून। मंगलौर और बद्रीनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। सोमवार को मंगलौर में भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। भाजपा ने इस सीट से करतार सिंह भडाना को अपना प्रत्याशी बनाया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलौर सीट पर भाजपा अभी तक एक बार भी चुनाव नहीं जीत पायी है। कांग्रेस ने इस सीट से काजी निजामुद्दीन को अपना प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने इस सीट से भडाना को अपना प्रत्याशी घोषित किया है तथा त्रिवेन्द्र सिंह रावत को चुनावी जिम्मेदारी दी गयी है।
उधर बद्रीनाथ सीट से भाजपा द्वारा राजेन्द्र सिंह भंडारी को चुनाव मैदान में उतारा गया है, जो कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा के साथ चले गये थे। किन्तु उनकी पत्नी अभी कांग्रेस में ही है। रजनी भंडारी जो पंचायत अध्यक्ष हैं, उनके भी अब भाजपा में जाने की चर्चा है। अगर रजनी भंडारी भी भाजपा में चली जाती हैं तो बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस के लिए चुनौती बढ़ना तय है। राजेन्द्र सिंह भंडारी से जब आज इस बारे में पूछा गया कि क्या उनकी पत्नी भी भाजपा ज्वाइन करेंगी। तो उन्होंने कहा कि वे जहां रहेंगे पत्नी भी वहीं रहेगी। इस बारे में जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि रजनी भंडारी कांग्रेस की समर्पित कार्यकर्ता और नेता है, ऐसा कुछ नहीं है। पति और पत्नी की आईडीलाॅजी अलग-अलग हो सकती है। कांग्रेस ने बद्रीनाथ सीट से लखपत सिंह बुटोला को चुनाव मैदान में उतारने का मन बनाया है। लेकिन भाजपा चुनावी तैयारियों में कांग्रेस से आगे चलती दिख रही है।

