तनाव: दूसरे समुदाय के युवक पर युवती के अपहरण का आरोप, इलाके में माहौल तनावपूर्ण
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में एक समुदाय के लोगों ने अपनी बेटी के अपहरण का आरोप दूसरे समुदाय के युवक पर लगाया है, जिसके बाद इलाके में माहोल तनावपूर्ण हो गया। माहोल को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पथरी थाना क्षेत्र के नसीरपुर खुर्द गांव में एक युवक पर अन्य समुदाय की युवती के अपहरण का आरोप लगा है। लड़की के परिवार का आरोप है कि बीती रात युवती को आरोपी शख्स किडनैप करके ले गया। जबकि युवती की कुछ दिनों बाद ही शादी होने वाली थी। परिजनों ने अपहरण की सूचना पथरी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला अलग-अलग समुदाय का देख गांव में पीएससी एवं पुलिस बल तैनात कर दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर संगठन से जुड़े कुछ लोग युवती के परिजनों से मिलने गांव पहुंचे और पुलिस से जल्द युवती को बरामद करने की मांग की। युवती के परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है और ना ही युवती को बरामद करने का कोई प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस पर मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया।
