टनल मामला: खराब मौसम के बीच 16वें दिन रेस्क्यू अभियान जारी, यमुनोत्री में बर्फबारी शुरू

टनल मामला: खराब मौसम के बीच 16वें दिन रेस्क्यू अभियान जारी, यमुनोत्री में बर्फबारी शुरू
Spread the love

 

उत्तरकाशी। निर्माणाधीन सुरंग में कैद 41 श्रमिक बाहर निकलने की उम्मीद लगाए हैं। उन्हें बाहर निकालने की पूरी कोशिशें हो रही हैं लेकिन हर बार कोई न कोई बाधा आने से सफलता नहीं मिल रही। रेस्क्यू ऑपरेशन का सोमवार को 16वां दिन है। यमुनोत्री धाम के आसपास बर्फबारी हुई है। वहीं निचले इलाकों में बारिश का मौसम बना रहा।
सिलक्यारा सुरंग के ऊपर वर्टिकल ड्रिलिंग का काम जारी है। अभी तक 30 मीटर तक ड्रिलिंग कर ली गई है। वहीं सुरंग के अंदर फंसे ऑगर मशीन के ऑगर (बरमे) को बाहर निकाल लिया गया है। अब यहां मैन्युअल ड्रिलिंग का काम शुरू किया जाएगा, जो कि भारतीय सेना की इंजीनियरिंग बटालियन मद्रास सेपर्स की निगरानी में आगे बढेगा। यहां मैन्युअल ड्रिलिंग के लिए रैट माइनिंग विधि अपनी जाएगी, जिसमें छोटी-छोटी सुरंगें खोदी जाती हैं, कोयले की खदान में इस तरह की सुरंगें बनाई जाती हैं। सिलक्यारा सुरंग के ऊपर सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड(एसजेवीएनएल) की टीम ने वर्टिकल ड्रिलिंग शुरू की। यहां 1.5 मीटर व्यास में ड्रिल मशीन की रिक से ड्रिलिंग शुरु की गयी, जिससे दोपहर बाद तक 15 मीटर तक ड्रिलिंग हुई है। एनएचआईडीसीएल के एमडी महमूद अहमद ने बताया कि सुरंग के ऊपर एसजेवीएनएल की टीम से 1.2 मीटर व्यास में वर्टिकल ड्रिलिंग शुरू कर दी है। कुल 86 मीटर तक ड्रिलिंग होनी है, जिसमें दो दिन का समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि एक ड्रिलिंग रिक की क्षमता 40 मीटर ड्रिल की है। उसके बाद रिक को बदला जाएगा।

Parvatanchal