जन आक्रोश: पीएचसी में तैनात डॉक्टर के तबादले से भड़के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
चकराता (आरएनएस)। सीमांत तहसील के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी में तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी का तबादला होने पर स्थानीय जनता और जन प्रतिनिधियों में रोष व्याप्त है। बुधवार को लोगों ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन कर चिकित्साधिकारी का तबादला निरस्त करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पीएचसी त्यूणी में तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नरेन्द्र सिंह राणा का तबादला हरिद्वार जनपद में कर दिया गया है। पीएचसी पर त्यूणी तहसील के गांवों के साथ ही उत्तरकाशी, हिमाचल प्रदेश के किरन और ससागीर क्षेत्र के सौ गांवों की आबादी स्वास्थ्य सुविधा के लिए निर्भर है। डॉ. नरेन्द्र सिंह राणा बीते छह साल से पीएचसी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
डॉ. राणा ने विभाग और जिला अधिकारी के सहयोग से पीएचसी त्यूणी में आधुनिक तकनीक से लैस अल्ट्रासाउंड, एक्स रे मशीन सुविधाएं उपलब्ध कराई। कहा कि स्थानीय निवासी होने के कारण मरीज अपनी परेशानी आसानी से उन्हें बता देते हैं। इसके साथ ही अस्पताल में आपातकालीन सुविधा नहीं होने के बावजूद डॉ. राणा आपातकालीन सेवाएं भी अस्पताल में देते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा चिकित्सक का तबादला निरस्त नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र रावत, परमेश रावत, प्रधान सुभद्रा शर्मा, सुरेश चौहान, पूर्व प्रधान हृदय सिंह, लायक राम, धीरज सिंह राणा, इंद्र राम डोभाल, भरत राणा, कल सिंह, यशपाल रावत, विक्की रावत, कृपाल राणा, सोहन सिंह, दिगंबर सिंह, वतन सिंह, तिलक सिंह, जसवंत, सचिन, रमेश, शैलेन्द्र खन्ना, मनोज नायक, नीटू आदि शामिल रहे।

