छात्रसंघ चुनाव: एन एस यू आइ ने डीएवी-डीबीएस कॉलेज में उतारा अध्यक्ष प्रत्याशी, एमकेपी में पूरा पैनल
देहरादून। छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों के बीच एनएसयूआइ ने देहरादून के तीन प्रमुख महाविद्यालयों में अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। डीएवी पीजी कॉलेज और डीबीएस पीजी कॉलेज में संगठन ने अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि एमकेपी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों पर पूरा पैनल मैदान में उतारा गया है।
कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में एनएसयूआइ प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी और जिला अध्यक्ष हिमांशु रावत ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। डीएवी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए सौरभ सेमवाल और डीबीएस पीजी कॉलेज में अभिनव कफलिया को प्रत्याशी बनाया गया है।
एमकेपी पीजी कॉलेज में एनएसयूआइ ने प्राची शर्मा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। उपाध्यक्ष पद पर मोनिका, महासचिव पद पर प्रीति, सहसचिव पद पर संजना, कोषाध्यक्ष पद पर मोनिका रौथान और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर सलोनी को मैदान में उतारा गया है।
छात्रसंघ चुनाव की तिथि 29 सितंबर निर्धारित होने के बाद दून के महाविद्यालयों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही छात्र संगठनों ने प्रचार अभियान और छात्र-छात्राओं से संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में विभिन्न महाविद्यालयों में चुनावी मुकाबला और तेज होने की संभावना है।

