शिकंजा: चोरी का खुलासा, लाखों के गहनों सहित एक गिरफ्तार
चमोली। चमोली जनपद के कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र में बंद घर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को चुराये गये लाखों रूपये के गहनों सहित गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, बीती 25 जून को दिव्या कनवासी पत्नी प्रशान्त कनवासी, निवासी गौचर द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया गया था कि 14 जून से 23 जून तक वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर थी। इस दौरान उनके घर में अज्ञात चोरों द्वारा उनके सोने के आभूषण मंगल सूत्र, अंगूठी व नथ चोरी कर लिये गये हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी । चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम को कल देर रात सूचना मिली कि उक्त चोरी में शामिल चोर आईटीबीपी गौचर के पास बने प्रतिकक्षालय में देखा गया है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने बताये गये स्थान पर दबिश देकर सुमित पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी ग्राम इशाला, थाना व जिला रुद्रप्रयाग, हाल निवासी मोहिनी लॉज कर्णप्रयाग, जिला चमोली को चोरी किये गये शतप्रतिशत आभूषणों सहित गिरफ्तार कर लिया, जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

