शिकंजा: चोरी करने वाले गिरोह के 11 सदस्य गिरफ्तार, गंगा के घाटों पर चुराते थे यात्रियों का सामान
देहरादून। यात्रा सीजन में गंगा घाटों के किनारे यात्रियों के सामान, नकदी चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह (बरूआर जाति) का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में चोरी की दो घटनाओं का अनावरण करते हुए चोरी के 17 मोबाइल फोन व नगदी के साथ 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी गंगा घाटों के किनारे यात्रियों को बातों में उलझा कर या अन्य तरीकों से उनका ध्यान भटका देते थे औरर फिर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों के खिलाफ संबधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली ऋषिकेश में 24 अप्रैल को पंकज गुप्ता पुत्र श्रीचंद्र, निवासी हीरालाल मार्ग, ऋषिकेश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह सुबह करीब 8ः30 बजे त्रिवेणी घाट पर गंगा में स्नान करने गया था, तो उस दौरान किसी ने उसके कपड़े चोरी कर लिए, जिसमें उसका पर्स भी था। उसमें नकदी व अन्य सामान था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इस मामले में पुंलिस ने सुराग लगाते हुए पड़ताल शुरू की तो गंगा घाट पर अंतर्राज्यीय गिरोह सक्रिय होने की बात सामने आई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकडे़ गए सभी आरोपी गोंडा उत्तरप्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।

