खुलासा: दोस्त का हत्यारा गिरफ्तार, शराब के नशे में हुआ था झगड़ा
उत्तरकाशी। गजणा क्षेत्र में शराब के नशे में एक दोस्त ने ही दोस्त की हत्या कर दी थी। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गाजणा पटृी के ग्राम ठाण्डी निवासी रविन्द्र द्वारा कोतवाली उत्तरकाशी पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपने बड़े भाई जयपाल नेगी की हत्या के सम्बन्ध में एक तहरीर दी थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या की यह वारदात राजेन्द्र नाम के व्यक्ति द्वारा अंजाम दी गयी है। जिसे पुलिस ने मंगलवार देर रात तांबाखाणी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हत्यारोपी राजेन्द्र ने बताया गया कि मृतक जयपाल और वह एक ही गांव के रहने वाले हैं तथा दोनों अच्छे दोस्त थे। 2 सितम्बर को दोनों ने एक साथ स्थानीय होटल में शराब पी थी। शराब के नशे में दोनों में धौंतरी, कमद पुल पर झगड़ा हो गया था। मारपीट के दौरान उसने मृतक जयपाल को पुल से धक्का दे दिया। जिससे मृतक की नदी में गिरने से मौत हो गयी थी।
बता दें कि मृतक जयपाल का शव उसके परिजनों को गत 4 सितम्बर 2024 को कमद पुल से करीब डेढ़ किमी आगे चलगड़ी नामक स्थान पर नदी में दिखा था, जिस पर उनके द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी थी। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से बरामद कर पंचायतनामा की कार्यवाही गयी थी।
इस मामले में कुछ दिन बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली उत्तरकाशी में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

