कुदरत का कहर: भारी बारिश की वजह से नदियां उफान पर,सड़कों पर मलबा फैलने से आवाजाही में दिक्कत

कुदरत का कहर: भारी बारिश की वजह से नदियां उफान पर,सड़कों पर मलबा फैलने से आवाजाही में दिक्कत
Spread the love

 

देहरादून। पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। वहीं, बारिश के बाद सड़कों पर मलबा फैल गया है, जिससे बड़े पैमाने पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। उधर बताया जा रहा है कि  टिहरी और रुद्रप्रयाग में कई घरों में मलबा गिरने से हालात बुरे हैं। वहीं, बीती रात टिहरी में चार-पांच घरों के भारी बारिश से हुए भूस्खलन की चपेट में आ जाने से स्थानीय लोग भयभीत हैं, हालांकि यहां किसी जनहानि की बात सामने नहीं आती है। कुछ मवेशियों के दबे होने की खबर है। बचाव राहत टीम मौके पर भेजी गई है। राज्य की 297 सड़कें बंद होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे भी भूस्खलन की वजह से कई जगहों पर बंद है।


यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में रात से हो रही बारिश से यमुना नदी, हनुमान गंगा, बडियार नदी उफान पर चल रही है। उधर, पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में काली नदी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है। घनसाली के भिलंगना ब्लॉक के ग्राम कोट में घरों पर पहाड़ी से मलबा गिर गया। इस दौरान लोगों ने भागकर जान बचाई। मलबा गिरने से पांच आवासीय भवनों को खतरा पैदा हो गया है। कई घरों में भी मलबा भर गया है। वहीं, तीन मकान मलबा गिरने से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

Parvatanchal