कुत्ते ने बचा ली कई अनमोल जिंदगियां, मशोबरा के पंजोग में भीषण अग्रिकांड से छह परिवार बेघर

कुत्ते ने बचा ली कई अनमोल जिंदगियां, मशोबरा के पंजोग में भीषण अग्रिकांड से छह परिवार बेघर
Spread the love

शिमला। राजधानी शिमला के मशोबरा क्षेत्र से सटे गांव पंजोग में शुक्रवार तडक़े करीब तीन बजे भीषण आग लगने से एक बड़ा रिहायशी मकान जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस घर में छह से अधिक परिवार रहते थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया। हालांकि गनीमत यह रही कि समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया और किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार रात के समय अचानक एक कुत्ता लगातार भौंकने लगा। भौंकने की आवाज सुनकर घर में सो रहे एक युवक की नींद खुल गई। जब वह बाहर निकला तो उसने घर के एक हिस्से से धुआं उठता हुआ देखा।

युवक ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया और सभी को घर से बाहर निकलने के लिए कहा। इसके बाद घर में रह रहे सभी लोग तेजी से बाहर की ओर भागे और अपनी जान बचाई। स्थानीय ग्रामीण पूर्ण प्रकाश शर्मा ने बताया कि जिस मकान में आग लगी, उसमें छह से अधिक परिवार रहते थे और सभी परिवार अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं। उन्होंने बताया कि इस परिवार का संबंध पूर्व बीडीसी सदस्य दीप राम से भी है। आग लगने की घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से घर में बंधे पशुओं को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि आग से मकान के अंदर रखा सामान, कपड़े और अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को जल्द राहत प्रदान करने की मांग की है।

Parvatanchal