कार्रवाई: ऋषिकेश में तीन टेंपो चोर चढ़े पुलिस के हत्थे, चोरी की बाइक भी बरामद
ऋषिकेश। दून पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन शातिर चोरों को दबोचा है। इनके कब्जे से ऋषिकेश से चोरी हुए दो टेंपो (विक्रम) और एक बाइक बरामद की है।
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक 25 सितंबर की रात को शास्त्री नगर और भैरव कॉलोनी में खड़े दो टेंपो चोरी हो गए थे। जबकि, वीरभद्र क्षेत्र से एक बाइक भी 26 सितंबर की रात को चोरी हो गई थी। तीनों मामलों में शिकायत आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।
मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने आईडीपीएल गोल चक्कर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान अजीत राजभर, चंद्रशेखर और मनीष निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश के रूप में हुई है।
आईडीपीएल चौकी प्रभारी ज्योति प्रसाद उनियाल ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की टेंपो और बाइक भी बरामद कर ली गई है।

