कामयाबी: पुलिस ने चोरी के मामले में फ़रार चल रहा चौथा आरोपी भी किया गिरफ्तार, जेल भेजा

कामयाबी: पुलिस ने चोरी के मामले में फ़रार चल रहा चौथा आरोपी भी किया गिरफ्तार, जेल भेजा
Spread the love

चमोली।  थाना क्षेत्र के अंतर्गत हापला-गोपेश्वर मार्ग पर टीएचडीसी की निर्माणाधीन हाईटेंशन बिजली लाइन के तार चोरी के मामले में पुलिस ने चौथे व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मामले में पुलिस तीन लोगों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उन्हें जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है। पकड़े गए गिरोह के सदस्यों के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत ने बताया कि बीते आठ दिसंबर की रात को थाना पुलिस को चोरी की सूचना मिली थी। मौके से मिले एक वाहन के नंबर के आधार पर की गई जांच में निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के नदीम, सलीम, शहजाद और दानिश के नाम सामने आए। पुलिस ने चारों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। विवेचना में खुलासा हुआ कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर चोरी करने, एनडीपीएस, आयुध, गौवध व अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं। इसी आधार पर इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट भी लगाया गया है। पुलिस टीम ने बीते आठ जनवरी को तीन आरोपियों को बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया था जबकि चौथे आरोपी नदीम को भी बिजनौर से गिरफ्तार कर दिया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे भी जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों से हाईटेंशन लाइन के तार भी बरामद कर दिए गए हैं।

शहजाद के विरुद्ध विभिन्न थानों में दर्ज हैं 15 प्राथमिकताएं:    चोरी के मामले में गिरफ्तार शहजाद के विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आयुध अधिनियम, गोवंश व गैंगस्टर एक्ट सहित 15 प्राथमिकी दर्ज हैं। नदीम के खिलाफ 4, सलीम के खिलाफ दो और दानिश के खिलाफ भी चोरी के मामले में दो प्राथमिकी दर्ज हैं।

Parvatanchal