कामयाबी: पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा, हत्या के आरोप में एक गिरफ्तार

कामयाबी: पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा, हत्या के आरोप में एक गिरफ्तार
Spread the love

 

अल्मोड़ा। ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर व वारदात के समय पहने खून सने कपड़े भी बरामद किये गये हैं।
जानकारी के अनुसार, बीती 24 अगस्त को थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गाजा बसकन्या के पास एक अज्ञात व्यक्ति का रक्तरंजित शव सड़क पर पड़ा हुआ हुआ है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। शव की शिनाख्त राकेश के रूप में की गयी। उसके पश्चात महेश चन्द्र पुत्र स्व. दयाकृष्ण, निवासी वेतनधार ने थाना चौखुटिया में तहरीर दी कि अज्ञात हत्यारे द्वारा उसके भाई राकेश की हत्या कर दी गयी है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर हत्यारे की तलाश शुरू कर दी। हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस टीमों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद देर रात वारदात में शामिल खीमा पुत्र स्व. प्रताप, निवासी ग्राम गाजा बसकन्या, थाना-चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी खीमा ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है। उसके पत्नी व बच्चें उसके साथ नहीं रहते हैं। उसने बताया कि 23 अगस्त की रात लगभग 11 बजे जब वह अपने कमरे पर पहुंचा तो उसने अपने कमरे का सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ देखा। एक व्यक्ति उसके बैड पर सो रहा था, जिसे उसने उठने के लिए कहा तो वह व्यक्ति उसके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगा। उस व्यक्ति ने उसके गाल पर 2 थप्पड़ भी मार दिये। इससे गुस्से में आकर वह बाहर से पत्थर लाया और मृतक के सिर व चेहरे पर मार दिया। इस पर वह उसके कमरे से भागकर सड़क पर चला गया और सिर पकड़कर बीच सड़क पर बैठ गया। उसी वक्त उसने उसके चेहरे एवं सिर पर पत्थर से कई वार किये। आरोपी ने बताया कि इस दौरान मृतक का मोबाईल जो वहीं पर गिर गया था, उसे उसने छिपा दिया था और हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल पत्थर को गौशाला की तरफ फेंक दिया। वारदात को अंजाम देते वक्त पहनी कमीज, जिसमें खून लगा हुआ था कमरे रख दी थी और मृतक के फोन को बबलेश्वर मन्दिर नदी के किनारे पत्थरों के बीच में छिपा दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून सनी कमीज व मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया और आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Parvatanchal