कामयाबी: डेढ़ साल से लापता युवती सहारनपुर में मिली, कोटद्वार पुलिस ने मिलाया परिजनों से

Spread the love

कोटद्वार। गढ़वाल जिले की कोटद्वार पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद डेढ़ वर्ष से अधिक समय से लापता 24 वर्षीय युवती को सहारनपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। युवती के प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़ने की बात सामने आई है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, कोटद्वार निवासी एक महिला ने 20 जनवरी 2025 को कोतवाली में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनकी 24 वर्षीय बेटी 14 जनवरी 2025 को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी क्रमांक 02/2025 दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की।

युवती का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए। जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), पौड़ी गढ़वाल के माध्यम से जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही पंपलेट प्रसारित किए गए और संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन शुरुआती प्रयासों में युवती का कोई पता नहीं चल सका। बाद में मामले में मुकदमा अपराध संख्या 78/2025, धारा 140(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अभियोग पंजीकृत कर तलाश तेज की गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई टीम

लंबित गुमशुदगी के मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार ने निर्देश जारी किए थे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 24 अक्टूबर 2026 को युवती को सहारनपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।

प्रेम प्रसंग में छोड़ा था घर

पुलिस के मुताबिक, युवती का सहारनपुर निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग था। इसी वजह से वह बिना बताए घर से चली गई थी। बाद में उसने युवक से शादी कर ली और उसके परिवार के साथ रहने लगी थी। युवती की बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग पूरी की तथा उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

यह रही पुलिस टीम

युवती की बरामदगी में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल, हेड कांस्टेबल देवेंद्र भट्ट, कांस्टेबल रविंद्र भट्ट और महिला कांस्टेबल नेहा रावत शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उनकी सकुशल बरामदगी के लिए अभियान जारी रखने की बात कही।

Parvatanchal