कांग्रेस: शिक्षा व्यवस्था में केंद्र की विफलता के विरोध में निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा
देहरादून(आरएनएस)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक और लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कैंट विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शनिवार को युवा कांग्रेस नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ और शिक्षा व्यवस्था को लेकर शवयात्रा निकाली। यात्रा यमुना कॉलोनी से प्रारंभ होकर किसननगर चौक तक पहुंची, जहां शिक्षा व्यवस्था का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया गया।रितेश छेत्री ने कहा कि जिस शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य युवाओं को अवसर, सम्मान और बेहतर भविष्य देना था, लेकिन भ्रष्टाचार, पेपर लीक और अत्यधिक आर्थिक बोझ के कारण युवा परेशान है।
कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने देश के करोड़ों युवाओं की पीड़ा को समझने और उसे आवाज देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत का हर युवा प्रतिभाशाली है और उसकी सफलता में देश की सफलता निहित है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था अवसर देने के बजाय एक रिजेक्शन सिस्टम में बदल गई है। कहा कि देश के करोड़ों परिवार महंगी कोचिंग, हॉस्टल और निजी शिक्षा संस्थानों के बढ़ते खर्चों से जूझ रहे हैं। मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से युवा त्रस्त और चिंतित है लेकिन केंद्र सरकार को इसकी फिक्र नहीं है। इस दौरान महामंत्री प्रदीप जोशी, नवीन जोशी , दीप वोहरा,अनुराग गुप्ता,अनिल नेगी, स्वाति नेगी, मुकेश चौहान, राजीव प्रजापति,बबलू, कुलदीप जखमोला ,हैप्पी परचा ,कृष्णा ,समीर कुमार आदि शामिल थे।

