कांग्रेस: पार्टी विरोधी बयानबाज़ी महंगी पड़ गई जोशी को, पार्टी ने निकाल दिया 6 साल के लिए
पत्नी को टिकट न मिलने से बौखलाकर मीडिया में कांग्रेस पर तोहमतें बरसा रहे थे नेता जी
देहरादून। पिछले कुछ दिनों से अपनी ही पार्टी के ख़िलाफ़ बग़ावती सुर में तमाम तरह की तोहमतें लगाकर मीडिया की सुर्खियां बटोर रहे अपने वरिष्ठ नेता मथुरा दत्त जोशी को आख़िरकार कांग्रेस ने बाहर का रास्ता दिखा ही दिया। कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व की तरफ से हो रही तमाम मान-मनौव्वल को ठैंगा दिखा रहे जोशी को अब खुद पार्टी ने ठैंगे पर रख 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी नेतृत्व पर लगाए गए उनके गंभीर आरोपों एवं कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ लगातार किए जा रहे दुष्प्रचार एवं मीडिया में की जा रही अनर्गल बयानबाज़ी को नेतृत्व ने गंभीरता से लेते हुए यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से कांग्रेस ने निकाय चुनाव में बगावत पर उतारू दूसरे नेताओं को भी आगाह करने की कोशिश की है।


