कह़र: उत्तराखंड में अतिवृष्टि का कहर, पहाड़ी से घर पर आ गिरा मलबा, मॉं-बेटी की दबकर मौत
सड़क पर खड़ीं दो कारें मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त
देहरादून। आसमानी आपदा की मार से पहाड़ पर हाहाकार मचा हुआ है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नालों ने ऐसा रौद्र रूप ले लिया है कि वह अपने साथ सब कुछ बहा ले जाने पर आमादा है। वही पहाड़ों के टूटने के कारण सड़कों पर आवाजाही दूभर हो गई है तथा लोग भय के साए में जीने पर मजबूर हैं।
बीती रात टिहरी के बूढ़ाकेदार क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बाल गंगा नदी ने तोली गांव में ऐसी तबाही मचाई कि दीवारें तोड़कर मलबा लोगों के घरों में घुस गया। एक परिवार को बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला। घर में सो रहे पांच लोगों में से तीन तो किसी तरह बच गए लेकिन अभागी मां-बेटी की मलबे में दबकर मौत हो गई। परिवार के दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि एसडीआरएफ ने मां-बेटी के शवों को मलबे से निकाल लिया है। क्षेत्र की कई दुकानें बह गई हैं तथा कई मवेशियों के बहने की खबर है। स्थानीय पुलिस प्रशासन व एसडीआरएफ बचाव और राहत कार्यों में जुटे हैं।
उधर चमोली में बादल फटने से भारी नुकसान होने की खबर है। वहां बिजली घर में पानी और मलबा घुस गया तथा पानी के तेज बहाव में ट्रांसफार्मर तक बह गया। क्षेत्र में बिजली-पानी की आपूर्ति ठप हो गई, वहीं कर्णप्रयाग-ग्वालदम राजमार्ग भी मलबा व पत्थर आने से बंद हो गया है। उधर गोपेश्वर के सुभाष नगर में सड़क पर खड़ी कारों पर मलबा गिरने से दो कारें चकनाचूर हो गईं। गनीमत रही कि उनमें कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। उधर बद्रीनाथ से दर्शन करके लौट रहे महाराष्ट्र से आये एक दंपति की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई जो अलकनंदा में गिरने से तो बच गई मगर खिड़की खुलने से एक व्यक्ति नदी में गिर गया जिसकी मौत हो गई। एसडीआरएफ ने उसका शव बरामद कर लिया है। बीते रोज यमुनोत्री धाम में हुई बारिश से भारी तबाही के बाद बीते कल गंगोत्री धाम में भी वैसा ही मंजर देखने को मिला। भागीरथी नदी ने गंगोत्री धाम के घाट-मंदिर सब कुछ डुबो दिए, शिवानंद आश्रम में फंसे 11 साधु-संतों को रेस्क्यू कर निकाला गया है। केदारनाथ हाईवे पर रुद्रप्रयाग से पहले हुए भारी भूस्खलन में पहाड़ का बड़ा हिस्सा सड़क पर गिरने से मार्ग बंद हो गया है। राज्य की सभी नदियां व नाले उफान पर हैं तथा लोगों को इनसे दूर रहने की हिदायत दी गई है। गंगा, जमुना, महाकाली तथा सरयू, गोला सहित सभी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इधर, देहरादून के सहस्त्रधारा में भी पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी गई है तथा स्कूलों में अवकाश रखा गया है।

