टकराव: कर्नाटक में जारी घोषणा पत्र को लेकर कांग्रेस और बजरंग दल आमने-सामने

टकराव: कर्नाटक में जारी घोषणा पत्र को लेकर कांग्रेस और बजरंग दल आमने-सामने
Spread the love

देहरादून। कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणा पत्र में बजरंग दल को बैन करने के  वादा करने के मुद्दे पर यहां कांग्रेस व बजरंग दल कार्यकर्ता आमने सामने आ गये। एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने के साथ ही कांग्रेसियों ने जय श्रीराम के नारे लगाये। पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों को अलग-अलग कर मामला शांत कराया।
कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में बजरंग दल को बैन करने की बात कही जिससे आक्रोशित बजरंग दल कार्यकर्ता सुबह से ही घंटाघर के समीप स्थित बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति के नीचे एकत्रित होने शुरू हो गये। लगभग बारह बजे के करीब बजरंग दल कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एस्लेहाल की तरफ चले। वह जैसे ही एस्लेहाल चौक पर पहुंचे तभी कांग्रेस भवन से कांग्रेस कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में एस्लेहाल चौक पर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। दोनों दलों के आमने सामने आने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आनन फानन में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अलग-अलग किया। जहां बजरंग दल के कार्यकर्ता गांधी पार्क के गेट पर खडे होकर नारेबाजी करने लगे वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी करते हुए जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिये, जिससे माहौल गर्मा गया। पुलिस अधिकारी दोनों को शांत कराते रहे। इस दौरान पुलिस ने घंटाघर से एस्लेहाल जाने वाले यातायात को घंटाघर से दर्शनलाल चौक की तरफ डायवर्ट कर दिया। दोनों तरफ से लगभग आधा घंटे तक एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी व जय श्रीराम के नारे लगते रहे। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए बस मंगवा ली थी लेकिन इसी दौरान पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में चले गये जिसके बाद मामला शांत हुआ। वहीं कांग्रेस ने ऐलान किया कि पांच मई को सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए प्रदेश भर में हनुमान चालीसा का पाठ रखा जायेगा।

Parvatanchal