एस आई आर: हरिद्वार ग्रामीण में वोट काटने का आरोप, विधायक अनुपमा रावत बोलीं फॉर्म 7 का हो रहा दुरुपयोग

एस आई आर: हरिद्वार ग्रामीण में वोट काटने का आरोप, विधायक अनुपमा रावत बोलीं फॉर्म 7 का हो रहा दुरुपयोग
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)।  हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने आरोप लगाया है कि विधानसभा क्षेत्र में वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फार्म सात का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि खासतौर पर एक विशेष समुदाय के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। कुछ लोग जानबूझकर वोटरों के नाम कटवा रहे हैं। मंगलवार को प्रेस वार्ता में विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि यदि इस पर तत्काल रोक नहीं लगी तो वह जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पर धरना देंगी और विधानसभा में भी मामला उठाएंगी। अनुपमा रावत ने बताया कि छह अगस्त को एक मतदाता का नाम हटाने के लिए फार्म सात भरा गया, जबकि संबंधित मतदाता उसी मतदान केंद्र के क्षेत्र में निवास करता है और पूर्व में कई बार मतदान कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सात अगस्त को 126, आठ अगस्त को 426 और नौ अगस्त को 331 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म सात के माध्यम से आवेदन किए गए। विधायक के अनुसार उनके बीएलए-2 की जांच में ये मतदाता अपने-अपने क्षेत्रों में निवासरत हैं और किसी अन्य स्थान पर मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा फार्म सात के बार-बार इस्तेमाल के भी मामले सामने आए हैं। हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि एक हजार से अधिक लोगों को एसआईआर से संबंधित नोटिस दिए जा रहे हैं। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर आवेदनों की बूथ स्तर पर जांच कराने, संबंधित मतदाताओं और आपत्तिकर्ताओं को नियमानुसार नोटिस देकर सुनवाई करने तथा गलत शिकायत पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि फार्म सात का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो वह जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पर धरना देंगी और विधानसभा में भी मुद्दा उठाया जाएगा।

Parvatanchal