एक्शन: ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर नायब नाजिर संजय जोशी निलंबित
डीएम स्वाति एस भदौरिया ने दिए विभागीय जांच के आदेश
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। तहसील लैन्सडौन में कार्यरत नायब नाजिर संजय जोशी को ड्यूटी से बार-बार अनुपस्थित रहने तथा राजकीय कार्यों में घोर लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, उपजिलाधिकारी लैन्सडौन द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि नायब नाजिर संजय जोशी समय-समय पर बिना पूर्व सूचना के कार्य से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे उनके पटल से संबंधित कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। पूर्व में उन्हें वेतन वृद्धि पर रोक जैसे अनुशासनात्मक दंड भी दिये गये थे, परन्तु उनके कार्य व्यवहार में कोई सुधार नहीं देखा गया। अप्रैल व मई 2025 के दौरान उन्हें कई बार चेतावनी देने के साथ ही उनसे स्पष्टीकरण मांगे गये, किन्तु उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया। जिलाधिकारी भदौरिया ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए नायब नाजिर संजय जोशी को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिये हैं। जिलाधिकारी द्वारा उप जिलाधिकारी पौड़ी को जांच अधिकारी नामित किया गया है तथा निलंबन अवधि के दौरान नायब नाजिर को तहसील पौड़ी से संबद्ध किया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यों के निष्पादन में पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिये हैं।

