एक्शन: एमआरआई रिपोर्टों में लगातार सामने आ रही त्रुटियों पर एजेंसी को नोटिस

एक्शन: एमआरआई रिपोर्टों में लगातार सामने आ रही त्रुटियों पर एजेंसी को नोटिस
Spread the love

देहरादून। दून अस्पताल में एमआरआई जांच रिपोर्टों में लगातार सामने आ रही त्रुटियों को अस्पताल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले में एमएस डॉ. आरएस बिष्ट के निर्देश पर रेडियोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. बीएन त्रिपाठी ने संबंधित एमआरआई एजेंसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, एमआरआई रिपोर्टों में गलतियों को लेकर कई चिकित्सक पहले भी एजेंसी प्रबंधन से शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पूर्व में एजेंसी के अधिकारियों को बुलाकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा गया था, लेकिन एजेंसी प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ।
कामिनी की रिपोर्ट को लेकर हुआ था हंगामा
एमआरआई रिपोर्ट में त्रुटि का एक मामला कामिनी नाम की मरीज से जुड़ा है। उसकी रिपोर्ट दो बार तैयार होने के बावजूद सही नहीं हो पाई। रिपोर्ट में लगातार गड़बड़ी सामने आने के बाद अस्पताल में हंगामे की स्थिति पैदा हो गई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने भी रिपोर्टों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए।
एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि एजेंसी प्रबंधन को अब दोबारा बुलाया गया है और उससे पूरे मामले में जवाब मांगा गया है। अस्पताल प्रशासन रिपोर्टों में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से ले रहा है।
कमीशन और खरीद-फरोख्त के आरोपों की भी होगी जांच
इधर, दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के दो कर्मचारियों पर लगे कमीशन के गंभीर आरोपों तथा खरीद-फरोख्त को लेकर उठे सवालों की भी अलग से जांच होगी। चिकित्सा शिक्षा निदेशालय ने इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है। कमेटी आरोपों और खरीद प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट निदेशालय को सौंपेगी।
एमआरआई रिपोर्टों में सामने आ रही गड़बड़ियों और कर्मचारियों पर लगे वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के चलते अब अस्पताल प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Parvatanchal