उपलब्धि: अपनी इंटरनेट सेवा वाला देश का पहला और इकलौता राज्य बना केरल
तिरुवनंतपुरम। केरल की वामपंथी सरकार ने अपने निरंतर प्रयासों से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केरल देश का ऐसा पहला और इकलौता राज्य बन गया है, जिसके पास अपनी इंटरनेट सेवा है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि केरल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क लिमिटिड को दूरसंचार विभाग से इंटरनेट सेवा प्रदाता लाइसेंस मिल गया है। मुख्यमंत्री पी विजयन का कहना है कि केरल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क लिमिटिड राज्य में हर शख्स की इंटरनेट तक पहुंच सुनिश्चित करने की सरकार की महत्वाकांक्षी आईटी अवसंरचना योजना है।
केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि लाइसेंस मिलने के बाद समाज में डिजिटल विभाजन को पाटने के लिए परिकल्पित परियोजना अपना कामकाज शुरू कर सकती है। विजयन ने ट्वीटर पर कहा कि केरल अपनी इंटरनेट सेवा वाला देश का एकमात्र राज्य बन गया है। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा, केरल अपनी इंटरनेट सेवा के साथ देश का एकमात्र राज्य बन गया है। केरल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क लिमिटेड को @DoT_India से ISP लाइसेंस मिला है। अब हमारी प्रतिष्ठित #KFON परियोजना इंटरनेट को एक बुनियादी अधिकार के रूप में देने के अपने संचालन को शुरू कर सकती है।
राज्य सरकार की योजना गरीब परिवारों और 30,000 सरकारी कार्यालयों को मुफ्त इंटरनेट देना है । KFON योजना की परिकल्पना बीपीएल परिवारों और 30,000 सरकारी कार्यालयों को मुफ्त इंटरनेट देने के लिए की गई है। गौरतलब है कि केरल की पिछली वामपंथी सरकार ने 2019 में इंटरनेट कनेक्शन को मूल अधिकार घोषित किया था और 1,548 करोड़ रुपये की KFON परियोजना शुरू की थी।

