आक्रोश: वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर जतायी नाराज़गी, वन्य पशुओं से दहशत में हैं ग्रामीण

आक्रोश: वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर जतायी नाराज़गी, वन्य पशुओं से दहशत में हैं ग्रामीण
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)।  जंगली जानवरों की बढ़ती दहशत से परेशान नैनीडांडा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मंगलवार को धुमाकोट रेंज कार्यालय में वन विभाग के खिलाफ रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रधान संगठन नैनीडांडा के अध्यक्ष मनोज मधवाल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान लोगों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्र में वन्यजीवों के बढ़ते हमलों पर नाराजगी जताई।प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारी तहसील पहुंचे जहां उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को 12 सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में क्षेत्रीय जनता को जंगली जानवरों के दहशत से राहत दिलाने, प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने, वन्यजीवों की रोकथाम के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय करने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने सहित कई मांगें शामिल हैं।प्रधान संगठन नैनीडांडा के अध्यक्ष मनोज मधवाल ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग जंगली जानवरों के हमलों से भय के साये में जी रहे हैं लेकिन वन विभाग और सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रधान संगठन क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन शुरू करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शनकारियों में कनिष्ठ उप प्रमुख राजू पटवाल, कुलदीप रावत, सुरेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य राहुल बिष्ट, मनीष सुंद्रियाल शामिल रहे।

Parvatanchal