आक्रोश: आपत्तियां लगाने से सड़क निर्माण लंबित, वन विभाग पर लगाया जनाधिकार हनन का आरोप
कोटद्वार। स्व. सरोजनी देवी लोक विकास समिति ने भारतीय वन्य जीव संस्थान और वन विभाग पर दोहरे मापदंड अपनाते हुए जनाधिकारों के हनन का आरोप लगाया है। इस संबंध में बुधवार को सुमन मार्ग स्थित समिति कार्यालय में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय वन्य जीव संस्थान व वन विभाग द्वारा आपत्तियां लगाने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कार्य लंबित पड़े हुए हैं। इस कारण आम जन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण कोटद्वार से मात्र 6 किमी. की दूरी पर स्थित घाड़ क्षेत्र के लिए वर्ष 2005-06 में स्वीकृत घराट मुंडला मोटर मार्ग है, जो स्वीकृति के इतना लंबा समय बीतने के बाद भी नहीं बन पाया है। इस मार्ग पर भरतीय वन्य जीव संस्थान और वन विभाग द्वारा आपत्तियां लगाने के बाद यह मोटर मार्ग अभी तक नहीं बन पाया है। इस कारण यहां की जनता को लंबा रास्ता नापकर कोटद्वार पहुंचना पड़ता है। बैठक में व्यापक जनहित को देखते हुए वक्ताओं ने विभागों से इस मोटर मार्ग निर्माण पर लगी आपत्तियों को हटाने की मांग की गई। बैठक में समिति अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, कुंवर सिंह, चंद्र सिंह, गंभीर सिंह, नारायण सिंह, रोशन सिंह और गजे सिंह रावत सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

