तह़रीर: क्षेत्र के 29 ट्रैक्टरों को लेकर फरार हो गया निर्माण कंपनी का ठेकेदार, पुलिस ने की जांच शुरू
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक ठेकेदार 29 ट्रैक्टर किराये पर लेकर फरार हो गया। ठेकेदार का फोन भी बंद आ रहा है। कुछ ट्रैक्टर मालिकों को एक बार और कुछ को दो बार किराये का भुगतान करने की बात सामने आ रही है। ट्रैक्टरों में लगे जीपीएस से उनकी अंतिम लोकेशन हरिद्वार में मिली, लेकिन बाद में ट्रैक्टरों से जीपीएस को हटा दिया गया। गुरुवार को ट्रैक्टर स्वामियों ने पुलिस तहरीर दी। एक ट्रैक्टर स्वामी ने बताया कि धोखाधड़ी का शिकार हुए ट्रैक्टर मालिकों की संख्या 50 से भी अधिक भी हो सकती है। सेलाकुई थाना क्षेत्र के कैंचीवाला के अब्दुलवाला निवासी एक ट्रैक्टर स्वामी गुलजार समेत कई अन्य लोग गुरुवार को कोतवाली पहुंचे और खुद के साथ हुई धोखाधड़ी की तहरीर दी। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ समय पूर्व ढकरानी में एक निर्माण कंपनी का कार्यालय खुला था। उन्होंने निर्माण कंपनी के ठेकेदार को 45 हजार रुपये के मासिक किराये पर अपना ट्रैक्टर और ट्रॉली दी थी। पहले माह के किराये के तौर पर उन्हें 25 हजार रुपये का नकद और 20 हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया गया था। ठेकेदार ने ट्रैक्टर को उत्तर प्रदेश निवासी एक चालक को सौंपा। बीती 19 अक्टूबर से कंपनी के हरिद्वार और सहारनपुर निवासी दो संचालकों के फोन बंद आ रहे हैं। कंपनी के प्रबंधक से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। कंपनी के परिसर में कार्य करने वाली एक महिला ने बताया कि करीब 29 ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिकों के साथ धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर की अंतिम लोकेशन हरिद्वार में मिली है। कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत मिली थी। ट्रैक्टर मालिक को कोतवाली बुलाकर मामले की जानकारी ली गई थी। ठेकेदार का नंबर बंद आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

