शिकंजा: तीन लाख रुपये की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, पति की तलाश जारी
देहरादून। तीन लाख रुपये की स्मैक के साथ नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि सपेरा बस्ती में एक महिला के स्मैक बेचने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सावली उम्र 30 वर्ष पत्नी आलम नाथ को बस्ती से गिरफ्तार किया। महिला से 11.29 ग्राम स्मैक और स्मैक बेचकर इकट्ठा किए 21,140 रुपये नगद बरामद किए गए। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। पूछताछ में पता लगा कि स्मैक उसका पति आलम लेकर आया था। वह फरार है। उसकी पुलिस तलाश कर रही है। सावली को गुरुवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
रकम निकालते वक्त धोखाधड़ी से एटीएम बदला
दूसरी ओर, शहर में रकम निकालते वक्त धोखाधड़ी से एक व्यक्ति का एटीएम बदल दिया गया। आरोप बूथ में मौजूद दो युवकों पर है। इंस्पेक्टर कैंट केके लुंठी ने बताया कि सुनील कुमार शर्मा निवासी पंडितवाड़ी ने तहरीर दी। बताया कि बीते 11 अक्तूबर को पंडितवाड़ी स्थित एसबीआई एटीएम से उन्होंने नगदी निकाली। बूथ में दो युवक मिले। जिन्होंने धोखे से उनका एटीएम बदल दिया। तब पीड़ित को इसका पता नहीं लगा। कुछ दिन बाद बाजार गए। कार्ड से पेमेंट करने लगे तो भुगतान नहीं हुआ। इस दौरान पता लगा कि उनका एटीएम बदल दिया गया। उन्होंने बैंक में शिकायत की। वहां से कोई मदद नहीं मिली। इंस्पेक्टर लुंठी ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

