कामयाबी: पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, लूटपाट करने वाले तीन और बदमाश गिरफ्तार
रुड़की। सोमवार देर रात को ग्राम हरजौली जट्ट निवासी आयुष शर्मा रुड़की से अपनी बाइक पर सवार होकर गंगनहर पटरी से अपने घर लौट रहे थे। मोहम्मदपुर जट्ट से पहले एक सुनसान जगह पर दो बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेरकर रोक लिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ित पर लाठियों और मुक्कों से हमला बोल दिया था। इस दौरान बदमाशों ने आयुष का बैग छीन लिया, जिसमें उनका लैपटॉप, स्मार्टफोन, कीपैड मोबाइल, एक पर्स, 2,500 रुपये नकद, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड रखे हुए थे। पुलिस ने नारसन क्षेत्र के खेतों में घेराबंदी कर दो बदमाशों राहुल कुमार व गौतम कुमार निवासी मोहम्मदपुर जट को गिरफ्तार लिया था। जबकि उनके अन्य साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए थे। पुलिस ने घटना में शामिल तीन अन्य बदमाशों सागर, शुभम व सावन कुमार निवासी मोहम्मदपुर जटट को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की एक बाइक, 1500 की नगदी व एक कीपैड वाला मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों बदमाशों का बुधवार को चालान कर दिया है।
चोरी की स्कूटी समेत युवक गिरफ्तार
सिविल लाइन कोतवाली की पुलिस ने चोरी की स्कूटी समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई ई रिक्शा भी बरामद की गई है। सिविल लाइन कोतवाली इंस्पेक्टर मनीष उपाध्याय ने बताया कि विशाल पुरी निवासी न्यू आदर्श नगर रुड़की ने सोमवार को एक मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस को बताया कि एक अज्ञात ई रिक्शा चालक द्वारा उसकी साली की इलेक्ट्री स्कूटी को चोरी की है। उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह पंवार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने जांच पड़ताल की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीम ने आरोपी युवक आशु पुत्र अरविन्द निवासी महाराजपुर खुर्द थाना कोतवाली लक्सर को मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

