प्रतियोगिता: डीएवी पीजी कालेज देहरादून बना अंतर महाविद्यालय महिला बास्केटबाल चैंपियन

नई टिहरी। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय एसआरटी परिसर बादशाही थौल टिहरी में गढ़वाल विश्वविद्यालय के एक दिवसीय अंतर महाविद्यालय महिला बास्केटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून, बिरला कैंपस श्रीनगर, राठ महाविद्यालय विद्यालय पैठाणी, एमकेपी कालेज देहरादून, एसआरटी कैंपस टिहरी तथा डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में डीएवी पीजी कालेज देहरादून चैंपियन रहा। एसआरटी परिसर निदेशक प्रोफेसर एए बौड़ाई , पूर्व निदेशक प्रोफेसर डीएस कैंतुरा, प्रो आरसी रमोला, क्रीडा परिषद के अध्यक्ष प्रो पीडी सेमल्टी, डीन शिक्षा संकाय प्रो सुनीता गोदियाल, उप अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो जेडीएस नेगी, आयोजक सचिव केसी पेटवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इस प्रतियोगिता को शुभारंभ किया। परिसर निदेशक बौड़ाई ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यहां की नार्थ इंडिया के खेलों में बेहतर प्रदर्शन करें। पहले मैच में एसआरटी कैंपस टिहरी ने एमकेपी कॉलेज दून को 17 -15 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, पहले सेमीफाइनल में श्रीनगर ने डीबीएस को 27-15 तथा दूसरे सेमीफाइनल में डीएवी कॉलेज देहरादून ने एसआरटी टिहरी को 23-20 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला श्रीनगर परिसर और डीएवी कॉलेज देहरादून के मध्य खेला गया। जिसमें डीएवी ने श्रीनगर को 34-15 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। सभी विजेता, उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने स्मृति चिन्ह और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डा यूएस नेगी, डा एसके चतुर्वेदी, डा एलआर डंगवाल, डा मोहित विष्ट, डा गुरदीप सिंह, संजय शर्मा, आलोक सिंह, शरद यादव, अनुज चंद, रविंद्र सिंह, महेश पालीवाल, भगत सिंह, रविंद्र, दिनेश, अजय नेगी आदि मौजूद रहे।
प्रिया रावत का अंडर-17 राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में चयन
भिलंगना ब्लॉक के बजींगा (छेली) गांव निवासी प्रिया रावत का चयन अंडर-17 राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रिया वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज धोपड़धार की छात्रा हैं। छात्रा के चयन पर परिजनों सहित क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। राइंका धोपड़धार की छात्रा प्रिया ने मेहनत, लगन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। छात्रा प्रिया 11 से 15 नवम्बर तक उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, भिलंगना ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने प्रिया को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि, प्रिया जैसी बेटियां आज प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं और यह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। प्रिया की सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे भिलंगना ब्लॉक में उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रिया की मेहनत और लगन से यह साबित होता है कि गांव की बेटियां भी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।


