शर्मनाक: मदरसे की शिक्षिकाओं के साथ की छेड़खानी और मारपीट, मौलवी समेत 7 पर मामला दर्ज

शर्मनाक: मदरसे की शिक्षिकाओं के साथ की छेड़खानी और मारपीट, मौलवी समेत 7 पर मामला दर्ज
Spread the love

हरिद्वार। जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के एक मदरसे में तीन शिक्षिकाओं के साथ मारपीटऔर छेड़खानी का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में मौलवी सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
पुलिस ने बताया कि पिरान कलियर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक शिक्षिका ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वो पिछले कई सालों से मदरसे में बच्चों को पढ़ा रही है। पीड़ित महिला का आरोप है कि बीते रविवार वो मदरसे में बच्चों को पढ़ा रही थी, तभी मौलवी वहां पर आ गया और किसी काम के बहाने उसे अपने कमरे में बुलाया।
आरोप है कि कमरे में मौलवी ने महिला के साथ छेड़छाड़ की, जब महिला ने उसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। मौलवी की मारपीट से महिला घायल भी हो गई थी। आरोप है कि शिक्षिका की सहकर्मी जब उन्हें बचाने के लिए कमरे में आई तो आरोपी मौलवी ने अपने साथियों रिहान, मोहम्मद शाद, अफान, सुहैल आरिस और समीर को बुलाकर तीनों शिक्षिकाओं के साथ मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने तीनों महिलाओं के कपड़े भी फाड़ दिए थे। इसके अलावा उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। पीड़िता का आरोप है कि मौलवी पहले से ही उन पर गंदी नजर रखता था, जिसकी शिकायत उन्होंने मदरसा प्रबंधक से भी की थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मौलवी और उसके अन्य साथियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, अश्लील हरकतें और जान से मारने की धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी निकलकर सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

 

Parvatanchal