हादसा: तेज़ रफ्तार वाहन की टक्कर से तीन घायल, दो की हालत गंभीर, हायर सेंटर रैफर
चंपावत। जिले में टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहाघाट इलाके में सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालात गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल हुए दोनों व्यक्तियों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक हादसा लोहाघाट थाना क्षेत्र के अक्कल धारे इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन मे सवार प्रतिमन सिंह भंडारी (43) पुत्र प्रेम से भंडारी निवासी मुनस्यारी लोहाघाट के अक्कल धारे के पास पानी पीने को उतरे थे, तभी उनको चंपावत से लोहाघाट की ओर आ रही तेज रफ्तार स्कूटी ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में प्रतिमन सिंह भंडारी व स्कूटी में बैठा हुआ युवक सुजल बिष्ट निवासी चौड़ाख्याली उम्र 17 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही स्कूटी चला रहा युवक मयंक फर्त्याल निवासी डूंगरी फर्त्याल लोहाघाट को भी चोटे लगी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों घायलों को पिकअप से लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। लोहाघाट सरकारी अस्पताल के डॉक्टर अमान ने तीनों घायलों का उपचार किया । डॉक्टर अमान ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल हुए प्रतिमन सिंह भंडारी और सुजल बिष्ट के सर व अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटे लगी थीं। इसीलिए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर कर दिया गया है। वहीं मयंक फर्त्याल के हाथ में चोट आई है। उनकी स्थिति ठीक है। हादसे की सूचना मिलते ही चीता पुलिस के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार व संजय जोशी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने बताया कि तहरीर आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी घायलों के परिजनों को भी दे दी है।

