रायशुमारी:जन सुनवाई में बोले छात्र, सीबीआई जांच चलती रहे, परीक्षा भी ना रुके

रायशुमारी:जन सुनवाई में बोले छात्र, सीबीआई जांच चलती रहे, परीक्षा भी ना रुके
Spread the love

हल्द्वानी। यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण की जांच को लेकर गठित न्यायिक आयोग की जनसुनवाई में शनिवार को युवाओं ने स्पष्ट कहा कि सीबीआई जांच जारी रहे, लेकिन परीक्षाएं रोकना समाधान नहीं है। छात्रों ने विवादित परीक्षा को रद कर नए सिरे से जल्द आयोजन कराने की मांग की है। ताकि अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में न लटके। सर्किट हाउस, काठगोदाम में हुई दो दिवसीय जनसुनवाई एवं जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों, नागरिकों, शिक्षकों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर विचार रखे। दूसरे दिन जनसुनवाई सुबह दस से ग्यारह बजे तक ही चली। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति यूसी ध्यानी ने कहा कि आयोग की जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित होगी। उन्होंने बताया कि आयोग विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर जनता से सुझाव ले रहा है। जनसुनवाई के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं, केंद्र व्यवस्थापकों, कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों और नागरिकों ने परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व सुरक्षित बनाने के लिए ठोस सुझाव दिए। छात्रों ने कहा कि पारदर्शी जांच के साथ ही भविष्य की परीक्षाओं में कड़ी निगरानी और तकनीकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर सचिव विक्रम सिंह राणा, एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, एसडीएम राहुल शाह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जनता ने आयोग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की जनसुनवाई से लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास और मजबूत होता है। न्यायमूर्ति ध्यानी ने दिया भरोसा जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। सभी पक्षों की राय लेकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जनता के सुझाव अंतिम रिपोर्ट का महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। जनसुनवाई में प्रमुख सुझाव परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था बढ़ाई जाए। डिजिटल सर्विलांस और बायोमेट्रिक सत्यापन लागू किया जाए। दोषियों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाए।

Parvatanchal