शातिर: साइबर ठग ने मामा बनकर किसान को लगा दिया 85 हजार रुपये का चूना
रुड़की। मंगलौर का एक किसान साइबर ठगी का शिकार हो गया। किसान को साइबर ठग ने वाट्सऐप कॉल कर उसका मामा बनकर 85 हजार रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शौकीन निवासी ग्राम बिजौली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह एक साधारण किसान हैं और खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। 30 मई को उनके मोबाइल नंबर पर अज्ञात व्यक्ति ने दो अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल की। कॉल करने वाले ने खुद को उसका मामा बताते हुए कहा कि वह आर्थिक तंगी में है और उसके बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर नहीं हो पा रहे हैं। उसने पीड़ित से पांच हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करने की गुहार लगाई और वादा किया कि वह बाद में घर आकर पैसे लौटा देगा। आरोपी ने पीड़ित को एक बार कोड भेजा, जिसे स्कैन करके पीड़ित ने पैसे ट्रांसफर कर दिए। ठग ने अपनी बातों में पीड़ित को इस कदर उलझाया कि कई बार में कुल 84,999 रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद आरोपी ने फोन काट दिया और फिर कॉल रिसीव नहीं किया, तब उन्हें शक हुआ। इसके बाद शौकीन ने अपने मामा से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि उन्होंने कोई कॉल नहीं की और न ही पैसे की मांग की थी। इसके बाद पीड़ित ने अज्ञात व्यक्ति के नंबर पर दोबारा कॉल करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बंद मिला। पीड़ित ने उसी दिन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज की तो उसके बाद उन्हें 39,999 रुपये होल्ड होने का संदेश प्राप्त हुआ, लेकिन बाकी राशि का कोई अता-पता नहीं चला। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर शांति कुमार गंगवार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
